हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चेतावनी, प्रतिबंधों को ‘युद्ध का ऐलान’ करार दिया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पश्चिमी देशों को चेतावनी, यूक्रेन को नो फ्लाई जोन घोषित का असर पूरी दुनिया के लिए प्रलयंकारी होगा
रूस और यूक्रेन में संघर्ष के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर से पश्चिमी दुनिया को चेताया है। उन्होने कहा कि हमारे देश में भी कुछ कट्टरवादी हैं, किन्तु उनकी सरकार में कोई जगह नहीं है। लेकिन यूक्रेन की सरकार में कट्टरपंथी भरे हुए है। यूक्रेन में रूसी मूल के लोगों पर अत्याचार किया जाता है। यूक्रेन में रूस के लोगों को मारने वालों को नायक बनाया जा रहा है और रूसी लोगों का नरसंहार करने को समर्थन दिया जाता है।
उधर अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों द्वारा रूस पर एक के बाद एक प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इन प्रतिबंधों को रूस के राष्ट्रपति ने ‘युद्ध का ऐलान’ करार दिया और चेतावनी दी कि जो भी देश यूक्रेन को नो फ्लाई जोन घोषित करेगा, उसे इस युद्ध में रूस के खिलाफ उतरा हुआ माना जाएगा, भले ही वो किसी भी संस्था या समूह का सदस्य हो। राष्ट्रपति पुतिन ने स्पष्ट किया कि वो यूक्रेन को ‘न्यूट्रल’ बनाना चाह रहे हैं, ताकि वहां की मिलिट्री को ख़त्म किया जा सके।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा कि उन्हें इस पर कोई शक नहीं है कि सारी चीजें वैसे ही ख़त्म होंगी, जैसे कि उनके लिए योजना बनाई गई थी। इसके साथ ही रूस में ‘मार्शल लॉ’ या ‘आपातकाल’ घोषित किए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि किसी बड़े बाहरी या भीतरी खतरे की स्थिति में ही ऐसा किया जाता है। रूस में खास किस्म का शासन लगाया जाए ऐसी कोई योजना फ़िलहाल नहीं है। पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन की सेना नागरिकों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रही है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेताया कि यूक्रेन के ऊपर नो फ्लाई जोन घोषित करने के प्रयास न सिर्फ यूरोप, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रलयंकारी होंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के सभी सैन्य ठिकानों को नष्ट करना पहली प्राथमिकता थी और अब ये पूरा हो चुका है। इनमें एविएशन, एयर डिफेंस और वेयरहाउस शामिल थे। साथ ही राष्ट्रपति पुतिन ने चेताया कि कीव का यही रवैया रहा तो यूक्रेन के देश होने पर भी संकट आ सकता है।