उत्तराखंड में बनेगा नया इतिहास, ऋतु खंडूरी बनेंगी राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष

पूर्व मुख्यमंत्री बी सी खंड़ूरी की बेटी के नाम पर बीजेपी ने लगाई मुहर

उत्तराखंड में एक और इतिहास बन रहा है। पहले तो पुष्कर सिंह धामी ने दोबारा राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। अब इसके साथ ही राज्य विधानसभा के इतिहास में एक नया अध्याय और जुड़ने जा रहा है। उत्तराखंड को पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष मिलने वाली हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी ऋतु खंडूरी का चयन किया गया है।

उत्तराखंड के गंठन के बाद राज्य के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब राज्य में विधानसभा अध्यक्ष एक महिला को बनाय जाएगा। इस बात की पुष्टि बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक ने की। उन्होने कहा कि पार्टी ने राज्य विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए ऋतु खंडूरी के नाम पर मुहर लगाई है। उल्लेखनीय है कि ऋतु खंडूरी राज्य की पांचवीं विधानसभा में पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बनने जा रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी ऋतु खंडूरी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले की रहने वाली हैं और फौजी परिवार से हैं। इनका जन्म 1965 में हुआ था। ऋतु खंडूरी के पिता बीसी खंडूरी सेना में थे। पिता की पोस्टिंग के हिसाब से ही ऋतु की शिक्षा संपन्न हुई है। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से स्नातक डिग्री प्राप्त की और राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर शिक्षा पाई। जर्नलिज्म में डिप्लोमा धारक होने के साथ ही 2006 से 2017 तक एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा में फैकल्टी मेंबर थीं।

ऋतु खंडूरी के पति राजेश भूषण बेंजवाल बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वह मौजूदा वक्त में केंद्र सरकार में स्वास्थ्य सचिव के पद पर हैं। वहीं खुद ऋतु स्वयं लंबे वक्त से समाजसेवा के कार्यों में शामिल रही हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऋतु खंडूरी को कोटद्वार सीट से मैदान में उतारा था जहां से कांग्रेस के सुरेंद्र नेगी को हरा कर विधानसभा पहुंची हैं। पहले यह चर्चाएं तेज थी कि उनको मंत्री पद दिया जाएगा।

Send this to a friend