हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
राहुल गांधी भी अब उत्तर प्रदेश के चुनावी दंगल में उतरेंगे

पहले चार चरणों तक निष्क्रिय रहने के बाद पांचवें चरण के चुनाव प्रचार करेंगे, कांग्रेस नेताओं को काफी उम्मीदें
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में राहुल गांधी ने भी ताल ठोकने का फैसला किया है। इस क्रम में सबसे पहले वह अमेठी और प्रयागराज में चुनावी रैलियां करने वाले हैं। राहुल 25 फरवरी से लोगों के बीच में जाएंगे। दरअसल, इन दोनों जिलों में पांचवें दौर में 27 फरवरी को वोटिंग होने वाली है। उल्लेखनीय है कि चुनावी दृष्टि से इतना महत्वपूर्ण प्रदेश होने के बावजूद यूपी में उन्होने अब तक एक भी रैली या रोड-शो को संबोधित नहीं किया है।
बताया गया है कि राहुल गांधी के साथ 25 फरवरी के कार्यक्रम में कांग्रेस के कई अन्य बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहले ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान पर हैं।
रायबरेली गांधी परिवार का गढ़ रहा है और 23 फरवरी को वहां चौथे चरण का मतदान होना है। इसको लेकर सोनिया गांधी जनता से जुड़ने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल, अब राहुल गांधी की रैली से कांग्रेस को कितना लाभ मिलता है वो 10 मार्च को साफ हो जाएगा।