हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
आजादी की लड़ाई में और आजादी के बाद देश के लिए सिख समाज का बड़ा योगदान- पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, कहा- आजादी की लड़ाई में और आजादी के बाद भी सिख समाज का देश के लिए बहुत बड़ा योगदान
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निवास स्थान पर सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सतनाम सिंह संधु के नेतृत्व में पहुंचे 100 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों में जाना, लंगर पाना, सेवा में समय देना, सिख परिवारों के घरों पर रहना यह सब मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा स्वभाविक हिस्सा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे गुरुओं ने हमें साहस सिखाया है साथ ही सेवा की प्रेरणा दी है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बिना किसी संसाधन के हमारे भारत के लोग गए। आज दुनिया भर के विभिन्न देशों में खुद को स्थापित कर चुके हमारे सीख भाई अपने परिश्रम से सफलता से ऊंचे मुकाम हासिल कर रहे हैं। सही मानों में अनिवासी भारतीय विदेशों में भारत के राष्ट्रदूत हैं। आप सभी भारत से बाहर मां भारती की बुलंद आवाज हैं, बुलंद पहचान हैं। भारत की प्रगति को देखकर आपका भी सीना चौड़ा होता है और सिर गर्व से ऊंचा होता है।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक देव जी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने पूरे राष्ट्र की चेतना को जगाया था और पूरे राष्ट्र को अंधकार से निकालकर प्रकाश की दिशा दिखाई थी। हमारे गुरु ने पूर्व से पश्चिम उत्तर से दक्षिण पूरे भारत की यात्रा की। सर्वत्र उनकी प्रेरणाएं हैं और उनके लिए आस्था है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में और आजादी के बाद भी सिख समाज का देश के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। ऐसे में चाहे महाराजा रणजीत सिंह का योगदान हो या फिर अंग्रेजो के खिलाफ लड़ाई हो या जलियांवाला बाग हो। उनके बिना न भारत का इतिहास सम्पूर्ण होता है और ना हिंदुस्तान पूरा होता है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत में भारत की क्षमताओं पर कई तरह के सवाल उठाए गए। लेकिन आज भारत दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच तैयार करने वाला देश बनकर उभरा है। नया भारत अब नए आयामों को छू रहा है और पूरी दुनिया में अपनी अलग छाप छोड़ रहा है।