हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
देश की प्राथमिकता–नारी सक्षम हो, समर्थ हो और राष्ट्र को दिशा दे:मोदी

महिला दिवस पर कच्छ में महिला संतों की संगोष्ठी के संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया
8 मार्च को विश्वभर में महिला दिवस मनाया गया। देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कच्छ में महिला संत शिविर में एक संगोष्ठी को संबोधित किया जिसमे देश और समाज के विकास की दिशा में नारी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के साथ साथ उन्होने महिलाओं के लिए भारत सरकार की ओर से किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, “जो राष्ट्र इस धरती को मां स्वरूप मानता हो वहां महिलाओं की प्रगति राष्ट्र के सशक्तिकरण को बल देती है। महिलाओं का हर क्षेत्र में बड़ा योगदान है। यह ज़रूरी है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में अवसर मिले। आज देश की प्राथमिकता महिलाओं को अवसर प्रदान करना है। इसलिए आज देश की प्राथमिकता महिलाओं का जीवन बेहतर बनाने और भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की संपूर्ण भागीदारी में है। महिलाओं की मुश्किलें कम करने पर हम जोर दे रहे हैं।” उन्होंने कहा, “हमारे वेदों ने और हमारी परंपरा ने ये आह्वान किया है कि नारी सक्षम हो, समर्थ हो और राष्ट्र को दिशा दे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि “आज गांव-गांव में महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर छोटे उद्योगों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। महिलाओं के पास कौशल की कोई कमी नहीं है और अब वही कौशल उनकी और उनके परिवारों की ताकत बढ़ा रहा है।”
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि “पहले महिलाओं के–खासकर गरीब महिलाओं के–बैंक खाते भी नहीं होते थे। इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर रहती थी। हमारी सरकार ने 23 करोड़ महिलाओं को जन धन खातों के जरिए बैंक से जोड़ा है।” गुजरात के कच्छ की महिलाओं की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां स्त्रियों ने अपने अथक परिश्रम से कच्छ की सभ्यता और संस्कृति को भी जीवंत रखा है। विशेष रूप से यहां का हैंडीक्राफ्ट इसका बड़ा उदाहरण है। ये कलाएं और ये कौशल पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है।