हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
14 अप्रैल को ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

स्वाधीन भारत के सभी प्रधानमंत्रियों के कार्यों और उनके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा
बाबासाहब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बनाए गए “प्रधानमंत्री संग्रहालय” का उद्घाटन करने वाले हैं। देश की राजधानी में स्थित और अब तक नेहरू संग्रहालय के नाम से जाने जाते रहे विशाल परिसर को नया रूप देकर नए नाम से पुनर्स्थापित किया गया है जिसमें स्वाधीन भारत के पिछले सभी प्रधानमंत्रियों के कार्यों और उनके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को प्राप्त उन उपहारों को भी यहां प्रदर्शित किया जाएगा जो अभी तक नेहरू म्यूजियम का हिस्सा नहीं है।
“प्रधानमंत्री संग्रहालय” का उद्घाटन भारतीय संविधान के निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के दिन होगा। यह संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक समावेशी प्रयास है जिसका का उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को हमारे पूर्व प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व, उनके विकास कार्यों और उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी देना है। यह केंद्र वर्तमान और भावी पीढ़िओं को देश की विकास-यात्रा के विभिन्न चरणों और पूर्व प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों के बारे में जागरूक करके प्रेरणा और उत्साह प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री संग्रहालय पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा अपने सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान को स्वीकार करने का एक प्रयास है। भले ही उनकी विचारधारा अलग ही क्यों ना हो। यह संग्रहालय भारत के स्वतंत्रता संग्राम और संविधान के निर्माण से शुरू होकर कैसे प्रधानमंत्रियों को विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ा और इन चुनौतियों के माध्यम से उन्होंने कैसे देश का नेतृत्व किया और देश की सर्वांगीण प्रगति सुनिश्चित की, इन सब के बारे में विस्तृत जानकारी देता है।
इस ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ की इमारत का कुल क्षेत्रफल 10492 वर्ग मीटर है। इसे उभरते भारत की कहानी से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है। इमारत का पहचान-चिह्न (लोगो) अशोक चक्र धारण करने वाले भारत के लोगों के हाथों का प्रतिनिधित्व करता है जो राष्ट्र और लोकतंत्र का प्रतीक है।