हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

देश जिस ऊंचाई पर है, वहां पहुंचाने में हर सरकार ने किया अपना अभिन्न योगदान–मोदी
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में बने विशाल “प्रधानमंत्री संग्रहालय” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने काउंटर से पहली टिकट खरीद कर संग्रहालय में प्रवेश किया। राजधानी दिल्ली के बीचों बीच स्थित इस विशाल परिसर में 40 से अधिक गैलरी हैं और करीब 4,000 लोग एक साथ यहां घूम फिर स्वतंत्र भारत के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे।
उपस्थितों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह संग्रहालय देश के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान की विरासत की कहानी है। इस संग्रहालय से स्वतंत्र भारत के इतिहास के बारे में आसानी से जाना जा सकेगा। युवा पीढ़ी को पूर्व प्रधानमंत्रियों के और देश में उनके योगदान के बारे में जानकारी मिलेगी और वे इससे वह प्रेरणा भी हासिल करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश जिस ऊंचाई पर है वहां तक पहुंचाने में हर सरकार ने अच्छा काम किया है। देश आजादी के अमृत महोत्सव को मना रहा है। 75 सालों में देश ने अनेक गौरवमय क्षणों को देखा है। यह संग्रहालय स्वतंत्र भारत के बाद बनी प्रत्येक सरकार की विरासत का एक जीवंत प्रतिबिंब बन गया है। हर प्रधानमंत्री ने अपने समय की चुनौतियों को पार किया और देश को आगे ले जाने की कोशिशों में सफल रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे आने वाली चुनौतियों के संदर्भ में कहा कि अगले 25 साल देश के लिए बहुत अहम होने वाले हैं। नवनिर्मित संग्रहालय भविष्य के निर्माण का भी एक ऊर्जा केंद्र बनेगा। इस संग्रहालय के जरिए यह जाना जा सकेगा कि अलग-अलग समय में लीडरशिप की क्या चुनौतियां रही हैं और उनसे कैसे निपटा गया। यहाँ प्रधानमंत्रियों से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें, भाषण आदि ऐसी चीजों को संग्रहित किया गया है। इससे युवा पीढ़ी को पता चलेगा कि कैसी-कैसी पृष्ठभूमि से आकर अलग-अलग प्रधानमंत्री बनते रहे हैं। गौरव की बात यह है कि हमारे अधिकतर प्रधानमंत्री साधारण परिवारों से आए थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विचारों में सहमति असहमति और लोगों की विभिन्न प्रकार की राजनीतिक विचारधारा हो सकती हैं। लेकिन सभी का लक्ष्य लोकतांत्रिक का विकास होना चाहिए। यह संग्रहालय केवल प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों का प्रतिबिंब नहीं है, बल्कि यह हजारों सालों से फले फूले लोकतांत्रिक संस्कारों का भी प्रतीक है।