पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान ने की भारत की विदेश नीति की प्रशंसा

सार्वजनिक सभा में भारत की विदेश नीति को लोगों के हित की नीति दिया करार

अब भारत की विदेश नीति को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी सराहने लगे हैं। इमरान खान ने एक सार्वजनिक सभा के दौरान भारत की विदेश नीति की प्रशंसा की। उन्होंने भारत की विदेश नीति को लोगों के हित की नीति करार दिया। इतना ही नहीं इमरान खान ने बड़े देशों के विवाद में भारत को इशारों में तटस्थ भी कह दिया। उल्लेखनीय है कि इस समय राजनीतिक संकट में फंसे इमरान विरोधिओं पर आरोपों की बौछार कर रहे हैं और उनकी यह टिप्पणी भी पाकिस्तान की पिछली सरकारों को गलत विदेश नीति के मुद्दे पर घेरने के लिए थी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मलकान शहर में एक रैली में भाषण के दौरान कहा– आज मैं हमारे पड़ोसी मुल्क भारत की दाद देना चाहता हूं। उन्होंने हमेशा अपनी फॉरेन पॉलिसी आजाद रखी। आज हिंदुस्तान उनके साथ (अमेरिका और यूरोप ) मिला हुआ है, उनका आपस में अलायंस है। क्वाड में भारत ने अमेरिका के साथ अलायंस कर रखा है। इसके बावजूद भारत कहता है कि वो न्यूट्रल है। रूस पर दुनिया ने पाबंदियां लगा रखी हैं, लेकिन भारत उससे तेल खरीद रहा है। क्योंकि, इंडिया की पॉलिसी अपने लोगों और अपने अवाम के लिए है।

गौरतलब है कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष को लेकर भारत ने किसी का पक्ष नहीं लिया है। भारत का रवैया संतुलित है और दोनों देशों को बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए कह रहा है। वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी देशों ने यूक्रेन पर हमले के लिए रूस पर प्रतिबंधों की बौछार कर दी है। इसी बीच भारत ने अपने पुराने संबंधों और तटस्थता को महत्व देते हुए रूस के साथ व्यापार जारी रखा है।

अमेरिका ने भी रूस पर कई प्रतिबंध लगा दिए है। अमेरिका ने 8 मार्च से रूस से आयात किए जाने वाले तेल, गैस और कोयले पर प्रतिबंध लगा दिए थे। इसके लिए व्हाइट हाउस की तरफ से विशेष आदेश भी जारी हुआ था। इसके विपरीत हाल ही के दिनों में भारत ने सस्ते दामों पर रूस से कच्चे तेल के आयात को भी बढ़ाया है। अमेरिका ने इस पर यह साफ कर दिया है कि इस खरीद के कारण भारत पर कोई प्रतिबंध नहीं लग सकता है।

Send this to a friend