मोदी ने जवानों के साथ मनाई दीपावली, कहा- सेना ही मेरा परिवार है

दीपावली का पर्व मनाने इस बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा पर तैनात जवानों के बीच पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्रा पर गए हुए थे। ग्लासगो से भारत लौटने के बाद प्रधान मंत्री मोदी राजौरी के नौशेरा पहुंचे। जहां उन्होंने जवानों के साथ दीपावली मनाई और जवानों का मनोबल भी बढ़ाया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि वो सेना को ही अपना परिवार मानते हैं। पीएम मोदी ने सेना का आभार जताते हुए कहा कि जवान सीमा पर तैनात हैं इसलिए ही देश चैन की नींद सो पाता है। देश की सेना ही सुरक्षा और शांति का कारण है। जवानों का हौसला बढ़ाते हुए प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि जवान मां भारती का सुरक्षा कवच है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के सामने उनके ही गौरवशाली इतिहास को याद किया। जवानों को स्मरण दिलाया कि जब दुश्मनों ने नौशेरा की जमीन पर कदम रखने का प्रयास किया तो दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर खदेड़ दिया गया था। मोदी ने  कहा कि अब देश लगातार आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। और अधिक से अधिक अत्याधुनिक हथियारों को तैयार कर रहा है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री मोदी ने सेना में महिलाओं की भागीदारी पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हजार साल पहले भी अमर था और हजार साल बाद तक अमर ही रहने वाला है। उन्होंने नौशेरा में जवानों को संबोधित करते हुए ये भी कहा कि इस ब्रिगेड ने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान जो भूमिका निभाई है, उसने आज भी हर कोई याद करता है। सैनिकों के शौर्य ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

रक्षा बजट पर पीएम मोदी ने बताया कि रक्षा बजट का करीब 65% व्यय देश के अंदर ही खरीद पर खर्च हो रहा है। आज देश के अंदर कई ऐसे शास्त्र निर्मित किए जा रहे हैं जो आने वाले समय में बहुत काम आएंगे। इस रक्षा बजट से ही देश में अर्जुन टैंक बन रहे हैं, तेजस जैसे एयरक्राफ्ट भी देश के अंदर बन रहे हैं। इसके साथ ही दशहरे के दिन 7 ‘डिफेंस कंपनियों’ को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पाकिस्तान लगातार देश में घुसपैठ के प्रयास करता रहा है। पाकिस्तान ने शांति भंग करने की काफी कोशिशें की है। लेकिन देश के जवानों ने हर बार उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। देश के जवानों ने पाकिस्तान के नापाक इरादों को नाकाम किया है।

स्मरण रहे कि प्रधानमंत्री प्रति वर्ष सीमा पर स्थित सैनिकों के सानिध्य में दीपावली मनाते हैं।

Send this to a friend