योगी आदित्यनाथ के साथ 48 मंत्री लेंगे शपथ, केशव प्रसाद मौर्य ही होंगे उप-मुख्यमंत्री

मंत्रिमंडल में सभी जातियों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिलेगा

उत्तर प्रदेश में सरकार गठन को लेकर तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं। लखनऊ में गुरुवार को विधायक दल की औपचारिक बैठक होने वाली है। हालांकि इससे पहले ही राज्य में नई सरकार में मंत्रिमंडल का आकार तय कर लिया जाएगा। मंत्रियों की सूची पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

प्रदेश में विगत 37 वर्ष से चली आ रहे मिथक को ध्वस्त करके निरंतर दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने वाले योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ करीब 48 मंत्री शपथ लेंगे। नई सरकार के मंत्रिमंडल में सभी जातियों और क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिलेगा।

जानकारी मिली है कि शपथ-ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रमुख विपक्षी नेताओं को भी शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

वहीं इसी बीच राज्य के उप-मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई है। केशव प्रसाद मौर्य के नाम पर ही सहमति बन चुकी है। उल्लेखनीय है कि सिराथू सीट से मौर्य चुनाव हार गए थे। लेकिन पार्टी में उनकी हार को कई कारणों से सहज माना गया है। इन चुनावों में पिछले मंत्रिमण्डल के कुल ग्यारह सदस्य जीतने में सफल नहीं हो पाए थे। इनमें से केवल मौर्य को ही फिर से मंत्री पद मिला है।


Send this to a friend