हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
पीएम मोदी ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला से की बातचीत

भारत-यूरोपीय संघ सामरिक साझेदारी में प्रगति की समीक्षा
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला के बीच नई दिल्ली में बातचीत हुई जिसमे भारत-यूरोपीय संघ सामरिक साझेदारी में प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही डिजिटल प्रौद्योगिकी और व्यापार से लेकर लोगों से पारस्परिक संबंधों के क्षेत्र में भी सहयोग को गहरा करने पर दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दी है।
बैठक के बाद यूरोपीय संघ ने एक बयान जारी किया जिसमें कहा गया कि यूरोपीय संघ और भारत के साझा मूल्य और साझा हित आपस में लाभकारी हैं और रणनीतिक सहयोग को तेज करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। यूरोपीय संघ और भारत की दशकों से काफी घनिष्ठ साझेदारी है। और वर्तमान में चुनौतियों से निपटने के लिए भी संयुक्त प्रयासों को बढ़ाने के लिए दोनों एकजुट हैं।
वहीं विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला ने बैठक में भारत यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद शुरू करने पर भी सहमति जताई है। इसके साथ ही उर्सुला ने कहा कि हम सभी अपने खुले और मुक्त समाजों के लिए बढ़ती चुनौतियों को देख रहे हैं। भारत के संबंध में उर्सुला ने कहा कि हम सुरक्षित व्यापार मार्गों में और स्वतंत्र और खुले हिंद महासागर में समान हितों को साझा करते हैं। हर 5 साल में जब भारतीय लोग संसदीय चुनावों में अपना वोट डालते हैं तो दुनिया इसे प्रशंसा के साथ देखती हैं। क्योंकि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अपने भविष्य का रास्ता तय करता है। एकसाथ 1.3 अरब लोगों द्वारा किए गए फैसलों का परिणाम दुनिया भर में गूंजता है।
इसके अलावा यूक्रेन-रूस की जंग को लेकर उर्सुला ने कहा कि यूक्रेन में रूस ने भयानक तबाही मचाई है। मैंने देखा कि लाशें जमीन पर पड़ी है। निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना और मारना स्वतंत्र लोगों की इच्छाओं को दबाना यह सब अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है। यूक्रेन पर रूस की हमले की जो भी तस्वीरें सामने आ रही है उसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। उर्सुला ने कहा कि मैंने हाल ही में यूक्रेन के उपनगर बूचा का भी दौरा किया था। रूसी सैनिकों द्वारा बुचा को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है।