रूस-यूक्रेन संघर्ष:सुरक्षा परिषद में भारत ने फिर किया तुरंत युद्ध बंद करने का आह्वान

इस संघर्ष का समाधान सिर्फ बातचीत से निकल सकता है, कूटनीति के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है

रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच भारत कई बार मसले का हल बातचीत से निकालने की सलाह दे चुका है। कल सोमवार को एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत ने दोनों संघर्षरत देशों को युद्ध समाप्त करने और सीधे एक-दूसरे से बात करने के लिए कहा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि आर रवींद्र ने यूएनएससी में ब्रीफिंग के दौरान कहा कि भारत हमेशा से मास्को और कीव, दोनों के संपर्क में रहा है और बना रहेगा।

वहीं इस दौरान रवींद्र ने कहा कि भारत काफी समय से यूक्रेन में सभी संघर्षों को तत्काल समाप्त करने का आह्वान करता रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया है। इस संघर्ष का समाधान सिर्फ बातचीत से निकल सकता है। कूटनीति के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।

संघर्ष के दौरान यूक्रेन में कई निर्दोष अपनी जान गंवा चुके हैं। जान गंवाने वालों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनती जा रही है। साथ ही यूक्रेन से भारतीयों की वापसी पर रवींद्र ने कहा कि भारत ने यूक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाए हैं। अब तक यूक्रेन से करीब 22,500 भारतीयों को सकुशल घर पहुंचा चुके हैं।

उन्होंने यूएनएससी में यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की निकासी में मदद के लिए पोलैंड और अन्य देशों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ओएससीई यूक्रेन में उल्लेखनीय काम कर रहा है लेकिन, यहां हाल के घटनाक्रम और इसके परिणामस्वरूप सुरक्षा स्थिति में आई गिरावट ने विशेष निगरानी मिशन के कामकाज को रोक दिया है। उल्लेखनीय है कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर पहला हमला किया था।

Send this to a friend