हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में AAP 14 सीटें जीतकर पहले स्थान पर

AAP को 14 , बीजेपी को 12 और कांग्रेस को 8 सीटें मिली
चंडीगढ़ में नगर निगम चुनावों के नतीजे चौंकाने वाले आए हैं। चुनावों में आम आदमी पार्टी 14 सीटें जीत कर पहला स्थान पाने में सफल रही है। बीजेपी 12 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर लुढ़क गई जबकि कांग्रेस 8 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। एक सीट पर अकाली दल का उम्मीदवार सफल रहा। चुनाव में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल सका है।
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानभा चुनावों को देखते हुए ये चुनाव खास माना जा रहा था।चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड में 24 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि चंडीगढ़ वासियों ने नए साल से पहले पार्टी को बड़ा तोहफा दिया है। चंडीगढ़ के ये नतीजे आम आदमी पार्टी के लिए पंजाब की राजनीति की पिक्चर का एक ट्रेलर माना जा रहा है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी को काफी उम्मीदें हैं। यही वजह कि पंजाब में केजरीवाल कई योजनाओं समेत फ्री वादों की झड़ी लगा चुके हैं। हर महीने केजरीवाल जब भी पंजाब आए हैं, तब फ्री बिजली, फ्री इलाज, समेत हर वर्ग को गारंटी वाला कोई न कोई वादा कर गए हैं। हालांकि पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर पार्टी का पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन बनेगा। कार्यकर्ता और वोटर दोनों ही इस मुद्दे पर अब तक असमंजस में हैं।