हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
उत्तर प्रदेश में छठ पर्व पर 10 नवंबर को अवकाश की घोषणा

दीपावली के 6 दिनों बाद छठ पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। यह छ: दिनों तक चलने वाला एक कठिन पर्व माना जाता है। क्योंकि इस पर्व में कठिन व्रत रखा जाता है और हर दिन किसी न किसी कठिन पड़ाव से निकलना पड़ता है। छठ पर्व मुख्य रूप से उत्तर भारत के राज्यों में बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है। छठ पर्व को विशेष तौर पर बिहार, झारखंड और पूर्व भारत में धूमधाम के साथ मनाया जाता है। छठ पर्व को सूर्य षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है। छठ पर्व में विशेष तौर पर सूर्योदय और सूर्यास्त के समय पर अर्घ्य दिया जाता है।
इसी के चलते उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी सरकार ने छठ पर्व पर अवकाश घोषित किया है। यूपी सरकार ने यह आदेश जारी किया है कि जिन जिलों में बड़े स्तर पर यह छठ पर्व मनाया जाता है, वहीं के जिलाधिकारी 10 नवंबर को स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छठ पूजा और कार्तिक मास में होने वाले त्योहारों के प्रबंधन के विषय में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 नवंबर को छठ पर्व है। छठ पर्व के अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश गाजियाबाद, लखनऊ आदि महानगरों में नदियों, सरोवरों आदि पर भीड़भाड़ की संभावना रहती है। ऐसे में नदियों, तालाबों आदि के तटों पर साफ-सफाई तथा सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की जाए। आपको बता दें कि राज्य के डीजीपी मुकुल गोयल ने छठ पर्व संबंधित आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों को नियुक्त किया जाए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। इससे पहले दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल भी 10 नवंबर को अवकाश घोषित कर चुके हैं।