यूक्रेन से अब तक 470 भारतीय छात्रों की वतन वापसी

भारत सरकार यूक्रेन से 470 भारतीय छात्रों को वापस भारत लाने में सफल

रूसी हमले के बाद यूक्रेन में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहाँ फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इस दौरान 25 फरवरी तक 470 भारतीय छात्रों को वापस लाने में सफलता मिली है। सभी छात्रों को युद्ध क्षेत्र से बचा कर रोमानिया सीमा के रास्ते निकाला जा रहा है। हालांकि भारत सरकार ने पहले ही अपने नागरिकों के लिए यूक्रेन छोड़ देने की एडवाइजरी जारी की थी लेकिन इसके बाद भी अभी तक यूक्रेन में लगभग 18 हजार छात्र फंसे हुए है।

इसके अलावा भारतीय दूतावास द्वारा शुक्रवार को एक ट्वीट किया गया था। दूतावास ने इस ट्वीट में कहा था कि,  “आज दोपहर 470 से अधिक छात्र यूक्रेन छोड़ देंगे। हम भारतीयों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों की सीमाओं की तरफ ले जा रहे हैं। हमारे प्रयास जारी हैं।” एक जानकारी के मुताबिक भारत का कीव दूतावास रोमानिया, पोलैंड और हंगरी के भारतीय दूतावास के सम्पर्क में है। विदेश विभाग के प्रवक्ता द्वारा एक वीडियो भी शेयर किया गया। इस वीडियो में रोमानिया पहुंते भारतीयों के पहले जत्थे को दिखाया गया है।

वहीं अब जानकारी सामने आ रही है कि भारतीयों को निकालने के लिए भारत का विदेश मंत्रालय पोलैंड से भी बात कर रहा है। इस बीच एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट से रोमानिया और हंगरी के लिए भारतीयों को लाने के लिए प्रतिदिन उड़ान भरती रहेंगी। भारत सरकार अपने प्रत्येक नागरिक को यूक्रेन का निकाल कर स्वदेश ले आने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले एयर इंडिया का विमान इसी सप्ताह 242 छात्रों को यूक्रेन से भारत लेकर आया था। गुरुवार को एयर इंडिया की एक फ्लाइट कीव से रूसी गोलाबारी के बीच वापस आ गई थी। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस कंपनियों को यूक्रेन की सीमाओं से लगे देशों के लिए उड़ानें जारी रखने का निर्देश दिया है।

इसी बीच शनिवार को यूक्रेन में भारत के दूतावास ने वहाँ मौजूद भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया, “यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीयों को बताना है कि बिना भारत सरकार की सलाह के सीमाओं की तरफ न जाएं। जानकारी के लिए सरकार ने एमरजेंसी और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।”

Send this to a friend