आरपीएन सिंह ने थामा बीजेपी का दामन, पडरौना सीट से ही लड़ सकते हैं चुनाव

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राहुल गांधी के करीबी आरपीएन सिंह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले दलबदल का दौर जारी है। इसी क्रम में अब पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने भी कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया है। मंगलवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा। उल्लेखनीय है कि आरपीएन सिंह को कांग्रेस का कद्दावर नेता माना जाता हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद हैं तथा करीब चार दशक से राजनीति में सक्रिय हैं।

आरपीएन सिंह ने इस्तीफे की जानकारी एक ट्वीट कर दी। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, “आज जब पूरा राष्ट्र गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूँ। जय हिंद।” इस ट्वीट के बाद कई लोग उन्हें बीजेपी में शामिल होने की बात कहकर पहले से बधाई देते नजर आए, तो वहीं कुछ लोग उन्हें कांग्रेस पार्टी छोड़ने के लिए सराह रहे हैं।

वहीं इससे पहले आरपीएन सिंह ने अपने ट्वीट में सोनिया गांधी को भेजे गए अपने इस्तीफे की तस्वीर भी शेयर की थी जिसमें उन्होंने अपने इस्तीफे में कांग्रेस अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है कि पार्टी ने उन्हें देश की सेवा का मौका दिया।

उल्लेखनीय है कि आरपीएन सिंह को राहुल गांधी का करीबी कहा जाता है। कुशीनगर के रहने वाले हैं जो कि मनमोहन सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे हैं। इसके साथ ही उनका नाम स्टार प्रचारकों में शामिल था। आरपीएन सिंह कांग्रेस पार्टी में रहते हुए तीन बार पडरौना विधानसभा सीट से जीत हासिल कर चके हैं। इसके वह चार बार लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। 2009 में उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य को हराया था।

गौरतलब है कि अब आरपीएन सिंह के इस्तीफे के बाद ये चर्चाएं तेज हैं कि बीजेपी में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह पडरौना से ही चुनाव लड़ेंगे और स्वामी मौर्य के खिलाफ ही मैदान में उतरेंगे।  

Send this to a friend