हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
दिल्ली में बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग सावधान, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री करेंगे डेंगू पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता

दिल्ली में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जो सरकार और प्रशासन के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। स्थिति की गम्भीरता को ध्यान में रखते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सोमवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों के अनुसार बैठक सुबह 10 बजे होगी। बैठक के दौरान, स्वास्थ्य मंत्री इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि केंद्र आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार को मामलों में वृद्धि को रोकने में कैसे सहायता कर सकता है।
इस बैठक में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) और राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NVBDCP) के अधिकारी भी शामिल होंगे।
हर साल मानसून की शुरुआत के साथ, शहर में डेंगू का प्रकोप देखा जाता है, जो आमतौर पर सर्दी का मौसम आते ही समाप्त हो जाता है। हालांकि, इस वर्ष, शहर में मामलों में बड़ी वृद्धि देखी जा रही है जो अभी भी जारी है।
डॉक्टरों का कहना था कि गंभीर बीमारी के उच्च जोखिम से जुड़े सीरोटाइप 2 डेंगू वायरस के प्रसार के बावजूद, अधिकांश लोगों में गंभीर लक्षण नहीं दिख रहे हैं। डेंगू वायरस बुखार और रक्तस्रावी लक्षणों का कारण बनता है और अधिक गंभीर बीमारियों से जुड़ा होता है।
पिछले सप्ताह सोमवार को जारी एक नागरिक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में इस साल डेंगू के 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें पिछले सप्ताह 280 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं इस सीजन में डेंगू के कुल मामलों में से अकेले इस महीने के पहले 23 दिनों में ही 665 मामले दर्ज किए गए हैं। कोरोना के बाद लगातार बढ़ रहे ये डेंगू के मामले हर किसी की परेशानी का कारण बने हुए हैं, क्योंकि लंबे समय से लगातार महामारी से लड़ने के बाद देश में अब कोरोना मामलों में कुछ हद तक राहत मिली थी, लेकिन अब बढ़ते डेंगू के मामले एक बार फिर सरकार और प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए है।