हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
भारत को नुकसान हुआ तो भारत किसी को छोड़ेगा नहीं- राजनाथ सिंह

भारतीय रक्षा मंत्री का चीन को कड़ा संदेश
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह टू प्लस टू मीटिंग के लिए अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान रक्षा मंत्री ने सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से चीन को कड़ा संदेश दिया है। राजनाथ सिंह ने चीन के साथ गतिरोध में भारतीय सैनिकों ने जो बहादुरी दिखाई है उसके बारे में बताया। साथ ही उन्होंने इशारों में चीन को कड़ा संदेश दिया कि अगर भारत को नुकसान हुआ तो भारत किसी को नहीं छोड़ेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि “मैं खुले तौर पर यह नहीं बता सकता कि भारतीय सैनिकों ने क्या किया और सरकार ने क्या फैसले लिए। लेकिन मैं निश्चित रूप से यह जरूर कह सकता हूं कि चीन को एक संदेश जरूर गया है कि अगर भारत को नुकसान हुआ तो भारत किसी को नहीं बक्शेगा।“ उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में मई के महीने में लद्दाख में पैंगोंग के क्षेत्र में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। 15 जून 2020 को दोनों सेनाओं के बीच गलवान घाटी में हुई भिड़ंत के दौरान 20 भारतीय जवान बलिदान हो गए थे। वहीं, इससे कहीं अधिक चीनी सैनिक भी मारे गए थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की तस्वीर बदली है और देश का मान बढ़ा है। अगले कुछ सालों में दुनिया की कोई भी ताकत भारत को दुनिया की तीसरी शीर्ष अर्थव्यवस्था बनने से नहीं रोक सकती हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इशारों में रूस से तेल खरीदने पर अमेरिका के एतराज पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इशारों में कहा कि किसी एक देश के साथ भारत के संबंध दूसरे की कीमत पर नहीं हो सकते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि “अगर भारत के एक देश के साथ अच्छे संबंध हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि किसी अन्य देश के साथ उसके संबंध खराब हो जाएंगे। भारत ने इस तरह की कूटनीति कभी नहीं अपनाई है और ना ही कभी अपनाएगा।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि भारत द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर देता है, जो दोनों देशों के लिए अच्छा है। गौरतलब है कि रूस यूक्रेन संकट के बीच भारत रूस से तेल खरीद रहा है जिसका अमेरिका विरोध कर रहा है।