देश में फिर तेज़ी से बढ़ने लगा कोरोना का प्रकोप, पाबंदियों का नया दौर शुरू

कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू तो कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज हुए बंद

देशभर में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में कोरोना के मामले बहुत तेज़ रफ्तार से बढ़ रहे हैं। जहां देश में एक दिन में कोरोना वायरस के 27 हजार से ज्यादा मामले सामने आए वहीं अब तक नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के भी 1500 से ज्यादा मामले आ चुके हैं। अब तक 23 राज्यों में यह वेरिएंट दस्तक दे चुका है।

बढ़ते मामलों को लेकर शासन-प्रशासन भी सतर्क हो गया है। वायरस से बचाव के लिए सरकार ने तरह तरह कि पाबंदियां लगाई हैं। कई राज्यों की सरकारों ने नाइट कर्फ्यू की भी घोषणा कर दी है। कई स्कूलों में कोरोना के मामले सामने आने के कारण से कई राज्यों में स्कूलों के बंद होने का दौर भी शुरू हो गया है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी स्कूल-कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद करने का ऐलान कर दिया है। राज्य के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी ने इस बात की जानकारी दी है। आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि राज्य में 3 जनवरी से सभी स्कूल कॉलेजों में अकादमिक गतिविधियां बंद रहेंगी। 50 प्रतिशत क्षमता के साथ केवल प्रशासनिक गतिविधियां चलती रहेंगी।

वहीं हरियाणा में भी एक बार फिर कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। हरियाणा सरकार ने राज्य में सभी स्कूल और कॉलेजों को 12 जनवरी 2022 तक बंद करने का फैसला किया है। आगे का फैसला कोरोना के हालात पर ही निर्भर होगा। सरकार द्वारा जारी किए गए आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटी, कोचिंग संस्थान, पुस्तकालय और प्रशिक्षण संस्थान (चाहे सरकारी हो या निजी), आंगनवाड़ी केंद्र आदि बंद रहेंगे।

तमिलनाडु सरकार 10 जनवरी 2022 तक पहली से 8वीं तक की कक्षाओं को बंद करने का ऐलान किया है। सरकार ने 31 दिसंबर को ही इस बात की घोषणा कर दी थी। सरकार ने आधिकारिक नोटिफिकेशन में बताया है कि कक्षा पहली से लेकर आठवीं तक की ऑफलाइन कक्षाएं 10 जनवरी 2022 तक बंद रहेंगी। कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं सभी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए चलेंगी। वहीं, यूकेजी और एलकेजी की कक्षाएं नहीं लगेंगीं। 

ओडिशा में भी कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी देखने को मिली। जिसके बाद राज्य सरकार ने पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए स्कूलों को न खोलने का निर्णय लिया है। इससे पहले यह कक्षाएं सोमवार 3 जनवरी 2022 से शुरू होनी थी। राज्य के स्कूल और जन शिक्षा मंत्री एस आर दाश ने बताया कि राज्य में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी और परिजनों की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ऐसा निर्णय लिया है।  

Send this to a friend