हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा होंगी प्रियंका?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिया बड़ा संकेत, यूपी में कांग्रेस का सीएम चेहरा होंगी प्रियंका
यूपी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी द्वारा जारी किए गए इस घोषणा पत्र में पार्टी ने 8 सूत्रीय एजेंडा सेट किया है। कांग्रेस ने अपने इस घोषणा पत्र को भर्ती विधान का नाम दिया है। प्रियंका गांधी ने बताया कि प्रदेश में भर्ती इस वक्त की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है, इसलिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को भर्ती विधान नाम दिया है।
इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने युवाओं को रोजगार देने को लेकर कहा कि, “हम प्रदेश के 20 लाख युवाओं को नौकरियां देंगे, जिनमें से 8 लाख नौकरियां आरक्षण के तहत महिलाओं को दी जाएंगी।” उन्होंने इस दौरान दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ने आम लोगों से बातचीत करके इस घोषणा-पत्र को तैयार किया है। घोषणापत्र में एक अलग से सेक्शन बनाया गया है, जो युवाओं के भविष्य निर्माण का कार्य करेगा।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि कुछ सालों से यूपी में विश्वविद्यालयों में चुनाव नहीं हो रहे हैं, जिससे युवाओं को मौका नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने घोषणा-पत्र को प्रदेश के 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का दस्तावेज बताया। वहीं, राहुल गांधी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगने वाले शुल्क को खत्म करने का वादा किया है।
वहीं इसी दौरान कांग्रेस के सीएम चेहरे को लेकर प्रियंका गांधी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “आपको किसी और का चेहरा दिख रहा है?” फिर जोड़ा कि “हर तरफ मेरा चेहरा दिख रहा है।” वहीं जब उनसे सवाल किया कि वो केवल यूपी में महिलाओं की बात करती हैं, बाकी राज्यों में इस पर बात क्यों नहीं करती हैं? इस पर प्रियंका गांधी ने गोलमोल जवाब दिया और कहा कि वो केवल यूपी की प्रभारी हैं।