हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
अमेठी में राहुल-प्रियंका की पदयात्रा, बीजेपी निशाने पर

अमेठी में कांग्रेस ने की पदयात्रा की शुरुआत, राहुल-प्रियंका ने बीजेपी पर कसा तंज
एक तरफ सर्दी में तापमान गिरता जा रहा है तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में चुनावी पारा हाई हो गया है। सभी दलों के नेता अपने-अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए रैली और पदयात्रा कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी पदयात्रा की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस पार्टी के जन जागरण अभियान के चलते अपने पुराने किले अमेठी पहुंचे। अमेठी से लोकसभा का चुनाव हारने के लम्बे समय बाद अमेठी पहुंचने पर राहुल गांधी ने क्षेत्र से अपने करीबी रिश्ते याद करते हुए कहा अमेठी मेरा घर है, यहां मेरे परिवार के लोग रहते हैं, मेरे और अमेठी के पारिवारिक रिश्ते हैं इसे कोई, कभी भी तोड़ नहीं सकता है।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा अमेठी की हर गली आज भी वैसी ही है। जनता की आंखों में अब सरकार के लिए आक्रोश है। अमेठी की मिट्टी पर कदम रखते ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जिस गर्मजोशी के साथ अपना संबोधन शुरू किया उससे ऐसा लगा मानो उन्हें अमेठी की जनता पर पूर्ण विश्वास है।
प्रियंका गांधी ने इस दौरान न सिर्फ पुरानी यादें ताजा की बल्कि सरकार पर भी जमकर जबानी हमला बोला। अमेठी कांग्रेस का गढ़ रहा है। राहुल गांधी यहां से लोकसभा का चुनाव जीतते रहे हैं। लेकिन साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए थे। वर्ष 2004, 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल लगातार चुनाव जीते थे। इससे पहले 1999 में सोनिया गांधी यहां से चुनाव जीती थीं। इस लिहाज इस क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ मजबूत रही है। लेकिन 2019 से यहां कांग्रेस का प्रभाव कम हो रहा है। यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस नेतृत्व अपने इस गढ़ में फिर पार्टी की पकड़ मजबूत करना चाहता है। राहुल और प्रियंका की यात्रा को इसी नजरिये से देखा जा रहा है।