करहल में बोले योगी आदित्यनाथ,  2023 तक अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन जाएगा

सैफई परिवार के लिए खानदान ही प्रदेश है लेकिन मेरे लिए पूरा प्रदेश परिवार है-योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनावों के सिलसिले में शुक्रवार को मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राम मंदिर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2023 तक अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन जाएगा। यह मंदिर भारत का ‘राष्ट्र मंदिर’ होगा।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि, “हम लोगों के तमाम पूर्वजों की ये 500 वर्षों की कामना पूरी होगी, जो उन्होंने अपने जीवनकाल में सोचा होगा कि मेरे राम भी अपने मंदिर में होते और हम भी वहाँ उनके दर्शन करते। हमारी पीढ़ी सबसे सौभाग्यशाली है कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के भव्य निर्माण को देख रही है। रामलला अगले वर्ष के अंत तक अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे तो भारत में ‘रामराज्य’ का मार्ग भी प्रशस्त हो जाएगा।”

अपने सम्बोधन में योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी खूब शब्द-बाण छोड़े। उन्होंने कहा– “सपा के प्रत्याशी अखिलेश यादव नामांकन के लिए करहल आए थे, तब उन्होंने घोषणा की थी कि अब दोबारा सर्टिफिकेट लेने के लिए ही आऊंगा, लेकिन एसपी सिंह बघेल ने उनको 5वें दिन ही यहां आने पर मजबूर कर दिया। वे बौखलाए हैं, परेशान हैं। उनकी स्थिति आसमान से टपके और खजूर पर अटके वाली हो गई है।”

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में न्याय-व्यवस्था में हुए सुधार का नमूना पेश करते हुए कहा कि, “हमने यह स्थिति कर दी है कि कोई भी गुंडा एक जिले से दूसरे जिले में नहीं जा सकता है। जो लोग अभी रेंग रहे हैं, उनका रेंगना भी चुनाव बाद बंद हो जाएगा। हम यूपी की पहचान खराब नहीं होने देंगे।” सपा पर योगी बोले–“सैफई परिवार के लिए खानदान ही प्रदेश है लेकिन मेरे लिए पूरा प्रदेश परिवार है। साथ ही कहा कि “आज जो लोग धमकी दे रहे हैं वो 10 मार्च के बाद गले में तख्ती लटकाकर घूमेंगे।”

Send this to a friend