हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
सिर्फ अपराधियों-माफियाओं के खिलाफ चलेगा बुलडोजर-योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की जब से सत्ता में वापसी हुई है तब से प्रशासन और अधिक तेज़ी से सक्रिय दिखाई दे रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं कि अति-उत्साह में किसी भी गरीब की झोपड़ी और दुकान पर बुलडोजर नहीं चलाया जाए। सरकार का लक्ष्य पेशेवर अपराधियों और माफियाओं को सबक सिखाना है। बुलडोजर का इस्तेमाल उन अपराधियों के खिलाफ किया जाए जिन्होने कमजोरों और व्यापारियों की संपत्ति पर अवैध कब्जा कर लिया है। किसी गरीब को परेशान ना किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से साफ कहा है कि राज्य में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति चलेगी लेकिन इसके साथ साथ गरीबों के प्रति संवेदनशीलता बनी रहनी चाहिए। इसलिए , संपत्तियों को बुलडोजर से गिराने की कार्यवाही अपराधियों के खिलाफ होनी चाहिए ना कि किसी गरीब को परेशान करने के लिए।
इस आदेश से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी कार्रवाई पर कोई शिकायत ना आए। इस क्रम में एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि बल का गलत इस्तेमाल न करने के निर्देश हैं। अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर का प्रयोग किया गया है। इसमें सरकारी संपत्तियों और जमीन पर अवैध निर्माण शामिल है। विध्वंस से पहले सभी न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाती है। नगर निगम जहां भी तोड़फोड़ का काम करता है वहां शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रावधान है। यह सुनिश्चित किया जाता है कि बल का गलत इस्तेमाल नहीं हो। जहां न्यायिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है वहां बुलडोजर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि अपराध और अपराधियों के प्रति ज़ीरो टालरेंस तथा गरीबों के प्रति संवेदनशीलता योगी सरकार का पिछले 5 साल का मंत्र रहा है। दूसरी सत्ता में आने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी सिद्धांत पर प्रशासन को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।