बिजनौर के चांदपुर से बीजेपी की जन विश्वास यात्रा शुरू, नितिन गडकरी ने किया जीत का दावा

आगामी चुनावों में जीत का दावा, नितिन गडकरी बोले- एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। इसके चलते बिजनौर के चांदपुर से भाजपा की जन विश्वास यात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा का शुभारंभ करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य चांदपुर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी यहां मौजूद रहे। इस दौरान नितिन गडकरी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में किसान ऊर्जादाता बनेगा। गन्ने से बने एथेनॉल से गाड़ियां चलेंगी। वहीं गाड़ियों के इंजनों में बदलाव किया जा रहा है। इसके अलावा चावल से भी एथेनॉल बनाया जाएगा। सौ प्रतिशत एथेनॉल के पंप भी लगाए जाएंगे।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी में चुनावों में जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता है, इसलिए सरकार को चुनने का काम भी जनता को ही करना है। विजय हमेशा सत्य की ही होती है।

सड़क परिवहन मंत्री ने पूर्व की सरकारों पर बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों में सड़कों में गड्ढे पड़े रहते थे। हर समय किसी ना किसी हादसे का भय बना रहता था। लेकिन उन्होंने इसके लिए कुछ नहीं किया। अब इस सरकार के समय में सड़कों का कायाकल्प हो चुका है। हमें जो यात्रा पहले 3 घंटे में करनी पड़ती थी, वह यात्रा आज एक घंटे में पूरी हो रही है। साथ ही नितिन गडकरी ने बताया कि हम दिल्ली से देहरादून नया रास्ता बना रहे हैं। अगले दो साल में इसका कार्य पूरा हो जाएगा। जिसके बाद आप दिल्ली से देहरादून केवल दो घंटे में पहुंच जाएंगे। दिल्ली से चंडीगढ़ दो घंटे में, दिल्ली से जयपुर दो घंटे में, दिल्ली से अमृतसर चार घंटे में, दिल्ली से कटरा छह घंटे में और दिल्ली से श्रीनगर केवल आठ घंटे में आप पहुंच जाएंगे।

Send this to a friend