हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
यूपी में चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, कांग्रेस की पोस्टर गर्ल बीजेपी में शामिल

कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने छोड़ी पार्टी, पोस्टर गर्ल ने थामा बीजेपी का दामन
यूपी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर रही हैं। कांग्रेस ने भी अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें 41 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। कांग्रेस की इस दूसरी लिस्ट में 41 में से 16 महिलाओं के नाम है। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस को दो महिला नेताओं ने बड़ा झटका दे दिया है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से विधायक अदिति सिंह ने पार्टी छोड़ दी है। प्रियंका गांधी के कैम्पेन ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या बीजेपी में शामिल हो गई हैं।
इसी प्रकार दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा धक्का देते हुए, मुलायम सिंह के साढ़ू और पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। सपा को परिवार से यह दूसरा झटका लगा है। इससे पहले मुलायम की बहू अपर्णा ने बीजेपी ज्वाइन की थी।
उल्लेखनीय है कि अदिति सिंह रायबरेली की सदर सीट से विधायक हैं। उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की बात कही है। कभी वे गांधी परिवार के काफी करीब मानी जाती थीं। लेकिन पिछले कुछ समय से पार्टी के साथ उनके संबंध सही नहीं चल रहे थे। जिसके बाद अब अदिति सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
अदिति सिंह कई बार कांग्रेस पर निशाना साध चुकी हैं। उन्होंने नवंबर 2021 में खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित बताया था। उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि प्रियंका गांधी किसानों के मुद्दे को लेकर केवल राजनीति कर रही है क्योंकि उनके पास अब मुद्दे खत्म हो चुके हैं।
इसके अलावा अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी के महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के ऐलान का भी मुद्दा उठाया था। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। वहां पार्टी आरक्षण देने का ऐलान क्यों नहीं करती ? प्रियंका की मां खुद पार्टी की अध्यक्ष हैं तो फिर वह दूसरे राज्यों में बातचीत किए जाने की बहानेबाजी क्यों कर रही हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में अदिति सिंह ने सीएम योगी की भी खूब तारीफ की थी। अदिति सिंह ने कहा था कि, “मैं कहना चाहती हूँ कि गरीबों की जो दुकानें बची हैं वह मेरे राजनीतिक गुरु और हमारे माननीय मुख्यमंत्री महाराज योगी आदित्यनाथ की वजह से है। उनकी वजह से हम यह लड़ाई लड़ रहे हैं।”