लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे नए उप सेना प्रमुख नियुक्त, 1 फरवरी को संभालेंगे कमान

आपरेशन विजय और आपरेशन पराक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले चुके हैं



न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि केंद्र सरकार ने पूर्वी सेना की कमान संभाल रहे लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को उप सेना प्रमुख बनाने का फैसला किया है।  प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। दरअसल वर्तमान उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती 31 जनवरी को सेवानिवृत हो रहे हैं। जिसके बाद 1 फरवरी को जनरल पांडे उप सेना प्रमुख के तौर पर उनकी जगह लेंगे।

जनरल पांडे को दिसंबर 1982 में कोर आफ इंजीनियर्स में नियुक्ति मिली थी। वे स्टाफ कालेज, केंबरली (ब्रिटेन) से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने आर्मी वॉर कालेज महू और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कालेज (एनडीसी) में हायर कमांड कोर्स में हिस्सा लिया। देश के लिए अपनी 37 वर्षों की विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने आपरेशन विजय और आपरेशन पराक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया है।

उल्लेखनीय है कि जनरल पांडे ने गत वर्ष 1 जून को पूर्वी सेना कमान के नए कमांडर के रूप में कार्यभार संभाला था। यह कमान पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश क्षेत्रों में चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा की रक्षा के लिए तैनात है। इसका मुख्यालय कोलकाता में है। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे पूर्वी कमान के प्रमुख बनने से पहले अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ थे।

Send this to a friend