शाही ईदगाह मस्जिद में भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति स्थापित करने का ऐलान, शहर में धारा-144 लागू

उत्तर प्रदेश में मथुरा के शाही ईदगाह मस्जिद में भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति स्थापित करने का ऐलान, पुलिस और प्रशासन सतर्क

कुछ संगठनों ने ऐलान किया है कि 6 दिसंबर को शाही ईदगाह मस्जिद में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापित की जाएगी। इस घोषणा के बाद नगर में तनाव के हालात बन रहे हैं। शाही ईदगाह मस्जिद श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के पास स्थित है। इस मस्जिद को औरंगजेब ने मंदिर तोड़कर बनवाया था।

ऐलान के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी तरह की अफवाह फैलता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर में शांति बनाए रखने के लिए यहां धारा-144 लागू की गई है। यह कार्रवाई ऐसी सूचना मिलने के बाद की गई है कि कुछ संगठन 6 दिसंबर को शाही ईदगाह मस्जिद तक पैदल मार्च की योजनाएं बना रहे हैं।

इसके अलावा SSP गौरव ने लोगों से भी अपील की है कि वो कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग दें। वहीं सर्कल इंस्पेक्टर अभिषेक तिवारी का कहना है कि किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से मिल कर उन्हें बताया कि पुलिस ने जगह-जगह चेक-पॉइंट्स लगा दिए हैं। उल्लेखनीय है कि मंदिर को तोड़ कर बनाई गई मस्जिद को हटाने को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि 6 दिसंबर को किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई है।

Send this to a friend