हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
अवैध रेत खनन मामले में सीएम चन्नी के भतीजे को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

अपना अपराध कबूल चुका है भूपिंदर सिंह हनी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ हनी को अदालत ने आगे की जांच के लिए 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि हनी को अवैध तरीके से रेत खनन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था जो वर्ष 2018 में जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रडार पर आया था।
जांच एजेंसी ने शुक्रवार को भूपिंदर सिंह उर्फ हनी को जलंधर की अदालत में पेश किया। इससे पहले भी मामले में दो सुनवाई हुई थी जिस दौरान हनी को अदालत ने 8 से 11 फरवरी तक इडी की हिरासत में भेज दिया था। इडी ने इसी साल जनवरी 2022 में हनी के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान 10 करोड़ की नकदी, साथ ही लाखों रुपयों के गहने भी मिले थे।
अवैध रेत खनन के मामले में भूपिंदर सिंह उर्फ हनी को 3 फरवरी 2022 को जलंधर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद ईडी ने एक बयान जारी कर बताया था कि सीमावर्ती राज्य में रेत खनन से जुड़ी गतिविधियों, अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले में मदद करने के बदले 10 करोड़ रुपए नकद प्राप्त होने की बात हनी ने कबूल कर ली थी। ईडी ने अपने बयान में कहा था कि हनी को कुछ दस्तावेजों के साथ 3 फरवरी को एजेंसी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया गया था। इस दौरान हनी ने पेश होकर ये स्वीकार किया कि वह खनन संबंधी गतिविधियों में शामिल है।
वहीं अब इस मामले में सियासत भी जारी है। कांग्रेस अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए आरोप-प्रत्यारोप पर उतर आई है। एक तरफ कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बता रही है, तो वहीं पंजाब के सीएम चन्नी कह रहे हैं कि कानून अपना काम कर रहा है और उन्हें उस पर कोई आपत्ति नहीं है।