हमारे बारे में | संपर्क करें | डीएमसीए
भारत सरकार द्वारा पद्म पुरस्कारों की घोषणा
जनरल बिपिन रावत, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, राधेश्याम खेमका एवं गुलाम नबी आज़ाद सहित कुल 128 लोगों को मिलेंगे विभिन्न पद्म पुरस्कार
हर वर्ष की तरह भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। पद्म विभूषण पुरस्कार पाने वाले कुल चार में से तीन को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। CDS जनरल बिपिन रावत, भाजपा नेता कल्याण सिंह, गीता प्रेस गोरखपुर के अध्यक्ष रहे राधेश्याम खेमका (तीनों को मरणोपरांत) और शास्त्रीय गायिका प्रभा अत्रे का नाम यह सम्मान पाने वालों में शामिल है।
इसी प्रकार श्रेष्ठ सेवाओं के लिए कुल 17 व्यक्तियों– कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला, गूगल की पैरेंटल कंपनी अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई, पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता रहे बुद्धदेव भट्टाचार्य, देश को कोरोना की वैक्सीन देने वाले भारत बायोटेक के फाउंडर कृष्णा एल्ला-सुचित्रा एल्ला, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख सायरस पूनावाला, विक्टर बनर्जी, गुरमीत बावा (मरणोपरांत), नटराजन चंद्रशेखरन, मधुर जाफरी, देवेंद्र झाझरिया, राशिद खान,राजीव महर्षि, संजय राजाराम (मरणोपरांत), प्रतिभा रे, स्वामी सचिदानंद, वशिष्ठ त्रिपाठी को पद्म भूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है।
साथ ही ओलिंपियन नीरज चोपड़ा, गायक सोनू निगम, प्रमोद भगत और वंदना कटारिया सहित 107 लोगों को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। इस तरह कुल 128 लोगों को पद्म सम्मान दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा को एक ही दिन दो बड़े पुरस्कार प्राप्त होंगे। उन्हें पद्म श्री के अतिरिक्त परम विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जाएगा। सूचनाओं के अनुसार पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने पद्म पुरस्कार स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।