धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहे 9 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, करीब 10 लोगों पर FIR दर्ज

झाबुआ जिले में धर्मांतरण कराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, मामले में 9 लोगों को किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में धर्मांतरण के कई मामले सामने आ चुके हैं। एक बार फिर झाबुआ जिले में धर्मांतरण का प्रयास करने वाले 9 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। यह 10 नवंबर की घटना है। उल्लेखनीय है कि विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत दी है। थांदला थानाक्षेत्र के गांव मानपुर में ये गिरफ्तारी से की गई है।

जानकारी के मुताबिक 7 आरोपी राजस्थान और गुजरात से हैं। थांदला पुलिस के SDOP एम एस गवली ने इस मामले की पुष्टि की है। गवली के मुताबिक मानपुर गांव में कुछ बाहरी लोगों के आने की सूचना मिली थी। विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता ने शिकायत की थी कि ये आरोपी लोगों स्थानीय लोगों को झांसा देकर धर्मांतरण करने का प्रयास कर रहे थे। यह काम एक स्थानीय निवासी के घर पर ही चल रहा था।

जैसे ही इस बात की सूचना मिली तुरंत पुलिस कुछ स्थानीय लोगों को लेकर स्थल पर पहुंची। जिसके बाद मौके से 7 स्थानीय निवासियों समेत 10 लोगों पर केस दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में मध्य प्रदेश धर्मांतरण विरोधी कानून की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इन लोगों को कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।

अवैध धर्मांतरण के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें विहिप महासचिव मिलिंद परांडे ने मीडिया को संबोधित करते हुए झाबुआ के कुछ सरकारी अधिकारियों पर ही धर्मान्तरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। विहिप ने धर्मान्तरण में शामिल हर किसी पर कठोर कार्रवाई की मांग भी की थी।

झाबुआ में धर्मांतरण के विरोध में मिलिंद परांडे ने ट्वीट भी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है,“झाबुआ ज़िले के वनवासी क्षेत्र में मालवा प्रांत में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने अवैध चर्च निर्माण तथा धर्मांतरण के षड्यंत्रों के विरूद्ध प्रदर्शन किया। अभी ऐसे 55 से अधिक अवैध चर्च तथा अवैध रीति से घोषित पादरियों की सूची प्रशासन को कारवाई हेतु सौंपी है।”

Send this to a friend